1. कंटेंट
  2. नेविगेशन
  3. और जानकारी
  4. मेटानेविगेशन
  5. खोजें
  6. 30 भाषाओं से चुनें

 
 
 

 

 | 08.01.2009 | 01:00 UTC

इस्राएल संघर्ष विराम प्रस्ताव पर सैद्धांतिक रूप से राज़ी

ग़ज़ा पट्टी पर तीन घंटे तक संघर्ष रुके रहने के बाद इस्राएल और हमास में एक बार फिर तीखी लड़ाई छिड़ गई है. तीन घंटों के दौरान ग़ज़ा के लोगों को खाना, पीने का पानी, दवाइयां और ईंधन सप्लाई किया गया. इस बीच इस्राएल और हमास उस मिस्र-फ्रांसीसी प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं, जिसके तहत दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम की बात कही गई है. अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने पुष्टि की है कि उनका देश इसका समर्थन करता है और उन्होंने इस दिशा में अरब लीग और इस्राएली नेताओं से भी बात की है. ग़ज़ा में हमास के एक वरिष्ठ प्रवक्ता ने इस्राएली वेबसाइट को बताया कि संघर्ष विराम 48 घंटे के अंदर किया जा सकता है. ग़ज़ा में पिछले 12 दिनों की हिंसा में लगभग 700 लोग मारे गए हैं, जिनमें संयुक्त राष्ट्र के एक स्कूल में मारे गए 40 से ज़्यादा लोग भी शामिल हैं.

ग़ज़ा में शांतिसैनिक भेजना चाहता है जर्मनी

जर्मनी ने ग़ज़ा में शांतिसैनिक भेजने की इच्छा जताई है. सरकार में शामिल दोनों बड़ी पार्टियों ने इस बात का एलान किया कि ये शांतिसैनिक ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र की देख रेख में संभावित अमन बहाली की समीक्षा कर सकेंगे. हालांकि जर्मन सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा है कि फ़िलहाल इस क़दम को पक्का नहीं कहा जा सकता है. इस बीच, जर्मनी ने ग़ज़ा में शांति के लिए मिस्र के संघर्ष विराम के प्रस्ताव का स्वागत किया है. ग़ज़ा पट्टी पर मानवीय सहायता के लिए रास्ता खोलने के इस्राएली क़दम पर विदेश मंत्री फ्रांक वाल्टर श्टायनमायर ने संतोष ज़ाहिर किया.

गैस सप्लाई बहाल करने के संकेत

रूस ने यूक्रेन के रास्ते यूरोपीय संघ के देशों में होने वाली गैस सप्लाई को बहाल करने के संकेत दिए हैं. रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने यूक्रेन के राष्ट्रपति विक्टर युशचेन्को से कहा कि वह गैस के बाज़ार भाव को स्वीकार करे, बक़ाया रक़म का भुगतान करे और यूरोपीय संघ के पर्यवेक्षकों को अपने देश से होने वाली गैस सप्लाई की समीक्षा करने दे. ब्रसेल्स में आज दोनों पक्षों के बीच बातचीत होनी है. इस बीच, यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष होसे मानुअल बारोसो ने कहा है कि इस बात को स्वीकार नहीं किया जा सकता कि रूस और यूक्रेन के बीच विवाद की वजह से संघ के सदस्य देशों में गैस सप्लाई प्रभावित हो रही है. यूरोपीय संघ को 25 फ़ीसदी गैस रूसी कंपनी गैज़प्रोम से मिलता है.

क़साब के पाकिस्तानी नागरिक होने की पुष्टि

पाकिस्तान ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि मुंबई हमलों के बाद एकमात्र जीवित आतंकवादी अजमल क़साब उनके देश का नागरिक है. सूचना मंत्री शेरी रहमान ने बताया कि शुरुआती जांच से इस बात की पुष्टि हो गई है लेकिन जांच का काम जारी है. इसके बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद सादिक़ ने पत्रकारों को बताया कि संबंधित जांच एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट से पता लगा है कि अजमल क़साब पाकिस्तान का नागरिक है. हालांकि पाकिस्तान का कहना है कि उसका किसी सरकारी एजेंसी से लेना देना नहीं है. मुंबई में 26 नवंबर को हुए आतंकवादी हमले में 160 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई थी और भारत ने कहा था कि इसके तार पाकिस्तान से जुड़े हैं. दो दिन पहले ही इस मामले में भारत ने पाकिस्तान को सबूत भी सौंपे थे.

पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बर्ख़ास्त

पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार महमूद अली दुर्रानी को बर्ख़ास्त कर दिया गया है. प्रधानमंत्री आवास से जारी एक बयान में कहा गया है कि दुर्रानी को ग़ैरज़िम्मेदाराना बयान की वजह से पद से हटाया गया है. यूसुफ़ रज़ा गिलानी के मुताबिक़ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले पर बयान देने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री या सरकार को भरोसे में नहीं लिया. दुर्रानी ने पहले ही संकेत दे दिया था कि क़साब एक पाकिस्तानी नागरिक है. हालांकि बाद में पाकिस्तान सरकार ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है.

अमेरिका में रिकॉर्ड वित्तीय घाटा

अमेरिका में वित्तीय वर्ष 2008-2009 का वित्तीय घाटा रिकॉर्ड 120 अरब अमेरिकी डॉलर होगा. पिछले साल का घाटा इसका सिर्फ़ एक तिहाई था. अमेरिकी कांग्रेस बजट दफ़्तर के आंकड़ों में उस रक़म को शामिल नहीं किया गया है, जिसका अगले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए प्रस्ताव रखा है. ओबामा को 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद संभालना है.

घाटे वाली जर्मन कंपनियों के लिए 100 अरब यूरो

जर्मन सरकार ने देश की घाटे में चल रही कंपनियों को उबारने के लिए 100 अरब यूरो का प्रस्ताव रखा है. सीडीयू-सीएसयू संसदीय ग्रुप के प्रमुख फोल्कर काउडर ने बताया कि ऐसी कंपनियों को सहायता दी जाएगी, जो पूंजी जुटा पाने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं और जिन्हें बैंकों से कर्ज़ नहीं मिल पा रहा है. जर्मन सरकार ने देश के बैंकों के लिए पहले ही क़रीब 400 अरब यूरो के आर्थिक पैकेज का एलान किया है.

जर्मनी में बेरोज़गारी 7.4 फ़ीसदी

जर्मनी में बेरोज़गारों की संख्या बढ़ कर 30 लाख से ज़्यादा हो गई है. पिछले महीने 1,14,000 लोग बेरोज़गार हुए. वैश्विक आर्थिक संकट शुरू होने के बाद से जर्मनी में बेरोज़गारों की संख्या बढ़ी है. न्यूरेमबर्ग शहर में श्रम विभाग ने ये आंकड़े जारी किए. जर्मनी यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और दूसरे विश्व युद्ध के बाद से यह सबसे बड़ी आर्थिक मंदी की मार झेल रहा है. कई कंपनियों ने अपने प्रोजेक्ट बंद करने और नौकरियों में कटौती का एलान किया है.



 

DW-TV EUROPE live

Journal (deutsch) - Mit Tagesthema

आज की तस्वीर
ImageOfTheDay